
देहरादून। उत्तराखंड के सभी जनपदों समेत राजधानी देहरादून में लगातार हो रही बारिश ने एक ओर लोगों को गर्मी से राहत दिलाई है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में लोगों की परेशानियां भी बढ़ा दी हैं। जलभराव, सड़क कटाव और भूस्खलन जैसी आशंकाओं को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर हैं।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गढ़ी कैंट स्थित घट्टी गोला क्षेत्र और बीजापुर डैम के निकट संपर्क मार्ग का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने बरसात के समय लोगों की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को बरसाती नदी की ओर सुरक्षा दीवार (प्रोटेक्शन वॉल) का निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही बारिश के कारण सड़क के किनारे हो रहे मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए प्रोटेक्शन नेट या ब्रेस्ट वॉल बनाने को भी कहा।
जोशी ने कहा कि सभी सुरक्षात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरे किए जाएं, ताकि बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र की लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्र, सिंचाई विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा भाजपा नेता लक्ष्मण सिंह रावत, जगदीश रेगमी, मंडल महामंत्री किरण, ग्राम प्रधान भारती जवाड़ी, केदार जोशी, नीटू सिंह, समुंदर सिंह, सपना मल्ल सहित कई स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।



