
देहरादून : अग्निवीर भर्ती अभियान को बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए भर्ती क्षेत्र (उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड) के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल मनीष कुमार (वाईएसएम, एसएम) ने उत्तराखंड सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्धन के साथ बैठक की। बैठक में सचिव गृह शैलेश बागौली भी मौजूद रहे।
बैठक में वर्ष 2027 की अग्निवीर भर्ती रैलियों की तैयारियों और सेना तथा राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल पर चर्चा हुई। दूर-दराज और पहाड़ी क्षेत्रों में भर्ती रैलियों के दौरान अभ्यर्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं, व्यवस्था और भीड़ को संभालने जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया।
मेजर जनरल ने कहा कि अग्निवीर भर्ती सिर्फ नौकरी देने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि युवाओं में देशसेवा और देशभक्ति की भावना बढ़ाने का भी माध्यम है। उन्होंने उत्तराखंड की अधिक से अधिक युवतियों को भी सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया, बैठक में जून 2026 में हुई कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) के सफल आयोजन में राज्य सरकार के सहयोग की सराहना की गई। मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने भरोसा दिलाया कि अग्निवीर भर्ती रैलियों के सफल आयोजन के लिए राज्य सरकार आगे भी पूरा सहयोग देगी।



