बागेश्वर को हराकर चमोली की लड़कियां बनी फुटबॉल चैंपियन, टिहरी कप का शानदार समापन

देहरादून। चतुर्थ राज्य स्तरीय टिहरी कप ओपन महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में बागेश्वर को रोमांचक मुकाबले में शिकस्त देकर चमोली की बालिकाओं ने खिताबी जीत हासिल की।
पीटीसी नरेंद्रनगर के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता के सोमवार को सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल मैच में चमोली ने मुनस्यारी को 1-0 के अंतर से शिकस्त दी। वहीं, दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला बागेश्वर और उत्तरकाशी हॉस्टल की बालिकाओं के मध्य खेला गया जिसमें बागेश्वर की टीम 1-0 से विजयी रही।
फाइनल मुकाबला चमोली और बागेश्वर के मध्य खेला गया। इस रोमांचक और करीबी मुकाबले में चमोली ने 1-0 के अंतर से जीत हासिल कर खिताब अपने नाम किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्रनगर राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने व्यक्तिगत रूप से विजेता और उपविजेता टीम को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी टिहरी दीपक रावत उपस्थित रहे।



