
नैनीताल। महज बुलेट मोटरसाइकिल व 5 लाख रुपए के लिए कोहिनूर को अपनी जान गंवानी पड़ी। दहेज के लिए बहु की जान लेने के आरोप में पति उवेश समेत सास नसरीन, जेठ अनस व ननद शबा को नैनीताल पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार 18 अक्टूबर को मुरादाबाद निवासी नसीम अहमद पुत्र जबर साह ने कोतवाली रामनगर में तहरीर दी गई कि उनकी पुत्री कोहिनूर का निकाह 16 मई को नैनीताल निवासी उवेश पुत्र फजले अली के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुआ था।
दी गई तहरीर में यह आरोप लगाये कि पुत्री के विवाह में अपने सार्मथ्य के अनुसार दहेज दिए जाने के बावजूद भी उसकी पुत्री के ससुराल पक्ष लगातार बुलेट मोटरसाइकिल व 5 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। 16 अक्टूबर को ससुराल पक्ष के लोगों ने कोहिनूर को कमरे में बंद कर उसकी हत्या कर दी गई।
एसएसपी नैनीताल डॉ० मजूनाथ टी.सी ने एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह व क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रामनगर सुशील कुमार को गिरफ्तारी के लिए निर्देश दिए गए।
पूछताछ व विवेचना में सामने आए तथ्यों के अनुसार मृतका कोहिनूर व उसके पति उवेश के बीच दहेज के रुपये तथा पारिवारिक मामलों को लेकर विवाद रहता था। घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसमें परिवार के सदस्य सास नसरीन, जेठ अनस व ननद शबा भी शामिल हो गए। विवाद बढ़ने पर कोहिनूर को कमरे में चारपाई पर गिराकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया तथा उसे दबाकर उसके हाथ-पैर पकड़े गए और गर्दन पर दबाव डाला गया। इस दौरान कोहिनूर की मृत्यु हो हो गई। घटना के बाद अभियुक्तों द्वारा हत्या को आत्महत्या का रूप देने के उद्देश्य से मृतका के गले में दुपट्टा बांधकर उसे पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया और उसके द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात प्रचारित की गई।
पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों, घटनाक्रम तथा विवेचना में प्रकाश में आए तथ्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की भूमिका एवं अन्य साक्ष्यों के के संबंध में भी विवेचना प्रचलित है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।



