उत्तराखंडयूथराजनीतिशिक्षासामाजिक

देहरादून : अग्निवीर योजना युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात : चौधरी

सैनिकों के अपमान पर तत्काल माफी मांगे कांग्रेस : भाजपा

देहरादून। कांग्रेस ने अग्निवीर योजना देश की राष्ट्रीय सुरक्षा और वीरभूमि के युवाओं के भविष्य पर कुठाराघात बताया, वहीं भाजपा ने कांग्रेस पर पूर्व सैनिकों के अपमान का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अग्निवीर योजना के नाम पर बुलाई गई पत्रकार वार्ता में जिस तरह से पूर्व सैनिकों के साथ अनुचित व्यवहार कांग्रेस नेताओं द्वारा किया गया, वह घोर निन्दनीय है।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व सैनिक विभाग (सैनिक प्रकोष्ठ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल (सेवानिवृत्त) रोहित चौधरी ने देहरादून स्थित कांग्रेस मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की ‘अग्निवीर’ (अग्निपथ) भर्ती योजना पर तीखा हमला बोला और इसे देश की सैन्य परंपरा व सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।

कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि देवभूमि और वीरभूमि उत्तराखंड के युवाओं के मन में देशसेवा का जज़्बा है, लेकिन केंद्र सरकार की इस अल्पकालिक योजना ने उनके स्थायी भविष्य और सपनों को चकनाचूर कर दिया है।राष्ट्रीय सुरक्षा से समझौता पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी,कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चार साल की यह योजना सेना की युद्धक क्षमता और मनोबल को कमजोर कर रही है।

देश को ‘कॉन्ट्रैक्ट’ पर आधारित सेना नहीं, बल्कि स्थायी और प्रशिक्षित सैनिकों की आवश्यकता है।कांग्रेस का संकल्प है की सरकार आते इस युवा विरोधी और देश विरोधी योजना को खत्म करने का काम करेगी,पार्टी ने पुरजोर शब्दों में यह दोहराया कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनते ही इस ‘अग्निवीर’ योजना को समाप्त कर दिया जाएगा और सेना में पुरानी स्थायी भर्ती प्रक्रिया को पुनः बहाल किया जाएगा।

इस मौके पर कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भी केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। अपने संबोधन में डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा, “उत्तराखंड का हर दूसरा परिवार भारतीय सेना से जुड़ा है। केंद्र सरकार की इस गलत नीति के कारण आज हमारे राज्य का युवा हताश और ठगा हुआ महसूस कर रहा है। मात्र 4 साल की नौकरी देकर सरकार युवाओं को अधर में लटका रही है। कांग्रेस राज्य के युवाओं के अधिकारों और राष्ट्रीय सुरक्षा से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं करेगी। आगामी विधानसभा चुनावों में उत्तराखंड की जनता इस दमनकारी योजना का जवाब भाजपा को सत्ता से बेदखल करके देगी।

अग्निवीर योजना के खिलाफ आक्रोश रैली भी निकाली गई पत्रकार वार्ता के समापन के तुरंत बाद कर्नल रोहित चौधरी और डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में केंद्र सरकार की इस नीति के खिलाफ एक जोरदार विरोध प्रदर्शन रैली निकाली गई। यह रैली कांग्रेस मुख्यालय से प्रारंभ होकर ऐतिहासिक घंटाघर पहुंची, जहां से कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार विरोधी नारों के साथ लैंसडाउन चौक का रुख किया।

लैंसडाउन चौक पर प्रदर्शन के बाद रैली वापस कांग्रेस कार्यालय पर आकर शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हुई। रैली में भारी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सैनिक विभाग कर्नल रोहित चौधरी, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत, प्रदेश पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष सैनिक विभाग गोपाल गड़िया, बलबीर सिंह पंवार, वीपी ईसी एक्स सर्विसमैन डिपार्टमेंट, आरपी धीयानी, वीपी विचार विभाग, महेश कुकरेती, चेयरमैन एक्स सर्विसमैन डिपार्टमेंट, प्रवक्ता डॉ प्रतिमा सिंह, प्रवक्ता अभिनव थापर, महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी, पूर्व प्रमुख अश्वनी बहुगुणा,सूरत सिंह नेगी, परवादून अशोक नेगी, चेयरमैन एक्स सर्विसमैन डिपार्टमेंट, शेखर सकलानी, वीपी एक्स सर्विसमैन डिपार्टमेंट पछवादून श्रीजीत कृषाली, ब्लॉक अध्यक्ष एक्स सर्विसमैन डिपार्टमेंट डोईवाला, संजय उपाध्याय, वीपी एक्स सर्विसमैन डिपार्टमेंट पछवादून, मोहित उनियाल ,डीसीसी अध्यक्ष डोईवाला सोनिया आनंद रावत, सावित्री, प्रशांत खंडूरी, मनीष गोनियाल, यशपाल चौहान, वीरेंद्र पंवार, सूरज क्षेत्री, सहित कई अन्य गणमान्य पूर्व सैनिक, युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

वहीं पूर्व सैनिक कल्याण सलाहकार परिषद के अध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता कर्नल कोठियाल ने कांग्रेस पार्टी पर पूर्व सैनिकों के अपमान का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के नाम पर बुलाई गई पत्रकार वार्ता में जिस तरह से पूर्व सैनिकों के साथ अनुचित व्यवहार कांग्रेस नेताओं द्वारा किया गया, वह घोर निन्दनीय है। इस कार्यक्रम की तस्वीरों ने कांग्रेस का सेना विरोधी दोहरा चरित्र एक बार फिर जनता के सामने उजागर कर दिया है।
उन्होंने कांग्रेस की पत्रकार वार्ता की तस्वीरों को बेहद शर्मनाक और वीर सैनिकों का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह पत्रकार वार्ता मूल रूप से पूर्व सैनिकों के विषय पर आयोजित की गई थी। लेकिन तस्वीरों में साफ दिखाई दिया कि मंच पर केवल कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष के अलावा सभी कुर्सियां पर पार्टी नेता और प्रवक्ता जमे हुए थे। हैरानी है कि जिन पूर्व सैनिकों के नाम पर यह कार्यक्रम रचा गया था, वे पीछे हाथ बांधे खड़े रहने को मजबूर नजर आए। यहाँ गभीर सवाल उठता है कि जब कार्यक्रम सैनिकों के सम्मान और उनके विषयों पर केंद्रित था, तो मंच पर कुर्सियां कांग्रेस नेताओं को नहीं, बल्कि देश की रक्षा करने वाले पूर्व सैनिकों को मिलनी चाहिए थी। कांग्रेस अपने मंच पर सैनिकों को बैठने तक की जगह नहीं दे सकती वह सैनिकों के ही कार्यक्रम में किस मुंह से सैनिकों के सम्मान का दावा करती है?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button