
देहरादून । उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार तथा राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए चयनित नामों की घोषणा कर दी है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए प्रदेश के सभी 13 जनपदों से एक-एक महिला का चयन किया गया है, जबकि राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए विभिन्न जनपदों की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों को सम्मान के लिए चुना गया है।
दोनों पुरस्कार 8 अगस्त को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे।
महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार उत्तराखंड की उन महिलाओं को समर्पित है जिन्होंने संघर्ष, साहस और समर्पण से समाज में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष चयनित महिलाओं ने संस्कृति, खेल, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण और दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी महिलाओं की उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है ताकि उनकी प्रेरक यात्रा नई पीढ़ी और अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे सके। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली के नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान महिलाओं के साहस, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुका है।
मंत्री ने बताया कि इसी अवसर पर राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा और महिला जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में सरकार की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान करना सरकार का दायित्व है।
तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिलाएं
1. पुष्पा फर्त्याल (अल्मोड़ा)
2. दया दानू (बागेश्वर)
3. नन्दा सती (चमोली)
4. रितीका बगौली (चम्पावत)
5. नीतू रानी (देहरादून)
6. वैशाली शर्मा (हरिद्वार)
7. लतिका (नैनीताल)
8. प्रियंका नेगी ध्यानी (पौड़ी गढ़वाल)
9. कलावती देवी (पिथौरागढ़)
10. दुर्गा देवी (रुद्रप्रयाग)
11. सरिता कोठियाल (टिहरी गढ़वाल)
12. पुष्पा देवी (ऊधम सिंह नगर)
13. स्वाती बधानी (उत्तरकाशी)
प्रदेश की 35 उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकर्तियां होंगी सम्मानित
अल्मोड़ा : सुनीता टम्टा, हेमा मेर, बबीता अधिकारी, सीमा देवी
बागेश्वर : आनंदी देवी
चमोली : शकुन्तला बिष्ट, गीता चन्द्रा, रत्ना बिष्ट
चम्पावत : तुलसी देवी
देहरादून : रश्मि पंत, पूनम साही, लक्ष्मी पंत
हरिद्वार : अनिता, स्नेहलता, उमा रानी, फरहाना परवीन
नैनीताल : लीला रुवाली, हंसा देवी, निर्मला टम्टा
पौड़ी गढ़वाल : संगीता देवी, माधुरी देवी, दर्शनी देवी, रेनू देवी, तुलसी
पिथौरागढ़ : सुनीता बसैड़ा, गंगा कार्की
रुद्रप्रयाग : सरस्वती देवी
टिहरी गढ़वाल : सुषमा देवी, रोशनी देवी, गुलाब देवी
ऊधम सिंह नगर : गुरप्रीत कौर, रक्षा, शकुन्तला पाल
उत्तरकाशी : रेखा, रेखा जोशी



