कौन बनेगा नया सीएम, भाजपाई खुद उलझाने लगे हैं गुत्थी

देहरादून। दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता में लौटी भाजपा मुख्यमंत्री के नाम पर फिर से उलझ गई है। धामी को फिर से मुख्यमंत्री बनाने के लिए लाबिंग चल रही है। इधर, भाजपा में कई और नाम भी चर्चाओं में सामने आने लगे हैं। सबसे चौंकाने वाला नाम ऋतु भूषण खंडूड़ी का है। भाजपा का एक धड़ा खंडूड़ी अभी भी जरूरी के नारे के साथ उनका नाम लगातार उछाल रहा है। शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर ऋतु खंडूड़ी के पक्ष में नारेबाजी हुई, तो भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने ऋतु खंडूड़ी सीएम है जरूरी के नारे लगाए।
ऋतु खंडूड़ी का यह बयान कि राज्य में भाजपा की वापसी के पीछे महिलाओं की अहम भूमिका है और पार्टी का एक धड़ा भी इस बात को मान रहा है कि महिलाओं को सरकार में न सिर्फ ज्यादा जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, बल्कि मुख्यमंत्री के तौर पर ऋतु को लाया जाता है तो उत्तराखंड की उन महिला वोटरों का सम्मान होगा, जिन्होंने भाजपा को सत्ता तक पहुंचाया। धामी के पक्ष में अभी तक पांच भाजपा विधायक खुलकर सामने आ चुके हैं। वह धामी को मुख्यमंत्री बनाने पर सीट छोड़ने तक का ऐलान कर चुके हैं। इधर, मुख्यमंत्री को लेकर सतपाल महाराज का नाम हमेशा की तरह चर्चाओं में हैं। वह अभी दिल्ली में हैं। इधर, धन सिंह रावत की ओर से यह स्वीकारोक्ति की वह सिर्फ मोदी के नाम पर जीते हैं, कहीं न कहीं इस तरफ इशरा कर रहा है कि राज्य में भाजपा की वापसी में मोदी एक मात्र फैक्टर रहा है और धामी को जो श्रेय दिया जा रहा है, वह पार्टी के अंदर ही कुछ लोग पचा नहीं पा रहे हैं। इधर, डोईवाला से बृजभूषण गैरोला का यह बयान भी मायने रखता है कि वह त्रिवेंद्र सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाए जाने पर अपनी सीट छोड़ने को तैयार हैं। यह कहीं न कहीं इशारा कर रहा है कि त्रिवेंद्र खेमा धामी को फिर से मुख्यमंत्री नहीं देखना चाहता है। इधर, धर्मपुर से जीतकर आए विनोद चमोली की दिल्ली में मौजूदगी को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहां उनकी बीएल संतोष से मुलाकात को उनके समर्थक इस दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं। मालूम हो कि चुनाव से ठीक पहले विनोद चमोली को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की चर्चा थी और राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का एक पत्र भी सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। लेकिन तब इस पत्र का किसी ने भी खंडन नहीं किया था। यानी केंद्रीय नेतृत्व में चमोली को लेकर भी सकारात्मक छवि है।