
देहरादून। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल में नवनिर्मित ‘बछेंद्री’ बालिका छात्रावास का उद्घाटन किया। उन्होंने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और कैडेट्स ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
कैडेट्स से संवाद के दौरान संजय सेठ ने सैनिक स्कूल घोड़ाखाल को उत्कृष्ट NDA परिणामों के लिए बधाई दी। उन्होंने विद्यालय की शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुशासन और नेतृत्व विकास की सराहना की।
रक्षा राज्य मंत्री ने नए बालिका छात्रावास को महिला सशक्तिकरण और समान अवसर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कैडेट्स से देश-दुनिया की घटनाओं से अवगत रहने, इतिहास को समझने और जिम्मेदारी व समर्पण के साथ राष्ट्रसेवा के लिए तैयार होने का आह्वान किया।
इस दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन मधु सेंगर, उप प्रधानाचार्या कमांडर अर्चना चौधरी, प्रशासनिक अधिकारी मेजर अजय सिंह पवार सहित विद्यालय के अधिकारी और कैडेट्स मौजूद रहे।



