
हरिद्वार। भगवानपुर क्षेत्र में गोली चलाने की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच में शिकायत की सच्चाई सामने आ गई।
7 सितंबर को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि गागालेड़ी रोड पर मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने एक व्यक्ति पर गोली चलाने का प्रयास किया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां शुभम शर्मा मिला। पुलिस को उसके नशे में होने का भी अंदेशा हुआ।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा शुभम के बयान को उपलब्ध साक्ष्यों से मिलाया गया। जांच में उसके बयान में कई विरोधाभास सामने आए। शुभम ने पुलिस को बताया कि रास्ते में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। गुस्से में उसने डायल-112 पर गोली चलाने की झूठी सूचना दे दी।
पुलिस ने झूठी सूचना देकर गुमराह करने के मामले में शुभम शर्मा को हिरासत में लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हरिद्वार पुलिस ने लोगों से अपील की है कि उनको किसी भी तरह की झूठी सूचना न दें। इससे उनका समय और संसाधन बेवजह लगते हैं और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचने में देरी हो सकती है।



