
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को ऋषिकेश में आयोजित जनसभा में कहा कि जब-जब देश में कमजोर और अस्थिर सरकारें रहीं, तब-तब दुश्मनों ने फायदा उठाया। आतंकवाद ने पैर पसारे। आज भारत में मोदी की मजबूत सरकार है, इसलिए आतंकवादियों को घर में घुस कर मारा जाता है। आज देश में मजबूत सरकार है, इसलिए तिरंगा युद्ध क्षेत्र में भी सुरक्षा की गारंटी बन जाता है। उन्होंने एलान किया कि अगले पांच साल तक लोगों को इलाज और राशन मुफ्त मिलता रहेगा। चुनाव में भाजपा की मुख्य प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस पर उन्होंने जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों में सब कुछ लुट जाता था। लेकिन मोदी ने यह लूट बंद कर दी है। इसलिए उनका गुस्सा सातवें आसमान पर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ब्रह्म कमल की भूमि है। अब ब्रह्म कमल की धरती को पंच कमल खिलाने हैं। उन्होंने जनसभा में उपस्थित लोगों से पांचों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया।