अपराधउत्तराखंडयूथसामाजिक

हरिद्वार : ‘AGHORA’ यूट्यूब चैनल की आड़ में तंत्र-मंत्र का खेल, 12 घंटे के भीतर गिरोह का पर्दाफाश

'ऑपरेशन कालनेमि' के तहत तीन आरोपी गिरफ्तार, साढ़े चार लाख रूपये से अधिक नगदी और लग्जरी कार बरामद

​हरिद्वार। ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र और अंधविश्वास के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का 12 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ठगी की रकम में से 4.55 लाख रूपये नकद, एक लग्जरी एंडेवर कार, आईफोन 17 प्रो मैक्स और तंत्र-मंत्र में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई की रात थाना श्यामपुर क्षेत्र में हरियाणा के सोनीपत निवासी विनोद कुमार से 4.60 लाख रूपये की ठगी की सूचना मिली। पीड़ित ने बताया कि उसे चंडी देवी मंदिर के पास विशेष पूजा कराने के बहाने बुलाया गया। आरोपियों ने पूजा के नाम पर नकदी से भरा बैग अपनी कार में रखवाया और पूजा की सामग्री लाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना श्यामपुर में बीएनएस की विभिन्न धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।


जांच में सामने आया कि आरोपी ‘AGHORA’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते थे। इस चैनल पर तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ और कथित चमत्कारों से जुड़े वीडियो अपलोड कर लोगों का विश्वास जीतते थे। इसके बाद भूत-प्रेत, ऊपरी बाधा और पारिवारिक समस्याओं का समाधान करने के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाकर लाखों रुपये की ठगी करते थे।
हरिद्वार पुलिस ने तत्काल चेकिंग अभियान चलाया और तकनीकी सबूतों की मदद से माइनिंग चेक पोस्ट, चिड़ियापुर के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मलकीत उर्फ राकेश शर्मा, उर्फ मोहित, मोन्टी जोशी और एक महिला निवासी पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से लोगों को अंधविश्वास के नाम पर ठगने की बात स्वीकार की है।
पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया है, जिसकी जांच की जा रही है।\

हरिद्वार पुलिस की आमजन से अपील
वही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार या अंधविश्वास के नाम पर धन मांगने वाले किसी भी व्यक्ति या सोशल मीडिया चैनल के झांसे में न आएं और ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button