उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनयूथसामाजिक

उत्तरकाशी में राहत अभियान जारी, 121 ट्रेकर्स सुरक्षित निकाले गए

ऑडेन कोल से 29 ट्रेकर्स का हेली रेस्क्यू पूरा, कालिंदी पास में अभियान जारी

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के बाद फंसे ट्रेकर्स को सुरक्षित निकालने का अभियान जारी है। गोमुख-तपोवन ट्रेक पर फंसे 121 ट्रेकर्स को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गंगोत्री पहुंचा दिया है। वहीं ऑडेन कोल क्षेत्र से भी सभी 29 ट्रेकर्स का हेली रेस्क्यू पूरा कर लिया गया है।
बताया गया कि गोमुख और तपोवन क्षेत्र में पिछले दिनों ट्रेकिंग और कैंपिंग के लिए गए 121 ट्रेकर्स भारी बर्फबारी के कारण फंस गए थे। मौसम खराब होने और ट्रेक के कई हिस्सों में हिमस्खलन के खतरे के बीच वन विभाग की टीम ने सावधानी से रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी ट्रेकर्स को सुरक्षित गंगोत्री पहुंचाया गया और प्राथमिक कार्रवाई के बाद उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे 136 ट्रेकर्स के लिए भी हेली रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया था। इनमें 89 ट्रेकर्स हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन, 18 ट्रेकर्स कालिंदी पास बेस कैंप और 29 ट्रेकर्स ऑडेन कोल पास बेस कैंप में थे। इनके रेस्क्यू के लिए हर्षिल से तीन हेलीकॉप्टर लगाए गए।
ताजा जानकारी के अनुसार, ऑडेन कोल क्षेत्र से सभी 29 ट्रेकर्स को सुरक्षित हेली रेस्क्यू कर हर्षिल हेलिपैड पहुंचा दिया गया है। वहां सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया और सभी की हालत सामान्य बताई गई है। उपचार के बाद सभी ट्रेकर्स अपने-अपने गंतव्य के लिए सुरक्षित रवाना हो चुके हैं।
वहीं कालिंदी पास क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स के लिए हेली रेस्क्यू अभियान अभी जारी है। रेस्क्यू टीम मौसम और क्षेत्र की स्थिति को देखते हुए अभियान चला रही है।

मौसम साफ होने पर चारधाम यात्रा भी शुरू
लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण दो दिन से रोकी गई चारधाम यात्रा भी सोमवार को मौसम साफ होने के बाद दोबारा शुरू कर दी गई। यमुनोत्री हाईवे समेत यात्रा मार्गों पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है।
प्रशासन ने संबंधित विभागों को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए निगरानी जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button