
चमोली। उत्तराखंड के जनपद चमोली के हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में पानी का रिसाव और भूस्खलन होने के बाद चलाया जा रहा करीब 117 घंटे का खोज एवं बचाव अभियान पूरा हो गया है। रेस्क्यू टीमों ने टनल में फंसे और लापता सभी प्रभावित श्रमिकों को बाहर निकाल लिया।
हादसे के बाद शुरू हुए अभियान में 12 श्रमिक सुनील दीवान, हारबिल गुड़िया, कमड़ा, निस्तर भिंगरा, विनोद रावना, दीना बेगरा, खेला राम बिसरा, सुबेग सिंह, तिलकराज, पेन सिंह, रोहित पाण्डे और गोविन्दो मंडाल को सकुशल बाहर निकाला गया,
जबकि 10 श्रमिकों प्रदीप पंवार, जितेन्द्र कुमार, मुकेश सिंह, दुर्लभ शर्मा, विजय हंसदा, लोकेश्वर, भुनेश्वर, देवनाथ, लुकास टोपनो और चेतन पोयाम की मौत हुई। टनल से पानी निकालने, मलबा हटाने और फंसी मशीनरी को बाहर निकालने के साथ लगातार सर्च अभियान चलाया गया।
रेस्क्यू अभियान में जिला प्रशासन के साथ पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना, डीडीआरएफ, सीआईएसएफ और टीएचडीसी की टीमों ने संयुक्त रूप से काम किया। कठिन परिस्थितियों में टीमों ने आधुनिक उपकरणों और सक्शन पंप सहित अन्य संसाधनों की मदद से अभियान को आगे बढ़ाया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने पूरे अभियान की लगातार निगरानी की और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखा। रेस्क्यू किए गए श्रमिकों को तत्काल चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध कराई गई।



