उत्तराखंडखेलदेश-विदेशपर्यटनयूथसामाजिक

उत्तरकाशी : कालिंदी पास से 19 ट्रेकर्स-पोर्टर्स का सुरक्षित रेस्क्यू

दो दिन में हेलीकॉप्टर से हर्षिल लाए गए सभी का स्वास्थ्य सामान्य

उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के कालिंदी पास क्षेत्र में फंसे ट्रेकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित निकालने का रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। 28 सितंबर को 11 और 29 सितंबर को 8 ट्रेकर्स को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड लाया गया। इस तरह कुल 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हर्षिल हेलीपैड पहुंचने के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें सभी की हालत सामान्य पाई गई। इसके साथ ही कालिंदी पास क्षेत्र का रेस्क्यू अभियान पूरा हो गया है।
रेस्क्यू अभियान को सुरक्षित तरीके से चलाने के लिए हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में संबंधित अधिकारियों, रेस्क्यू टीम और हेलीकॉप्टर पायलट के साथ जरूरी प्लानिंग की गई। सभी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ तय योजना के अनुसार अभियान को पूरा किया।
इससे पहले रेस्क्यू अभियान के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अधिकारियों से जानकारी लेकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फंसे लोगों का हाल जाना था। उन्होंने रेस्क्यू अभियान को तेजी और सुरक्षित तरीके से चलाने के निर्देश दिए थे और फंसे लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा था।
विदित हो कि उत्तरकाशी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के कारण कई ट्रेकर्स फंस गए थे। गोमुख-तपोवन क्षेत्र से 121 ट्रेकर्स को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित निकाला था। वहीं ऑडेन कोल क्षेत्र से 29 ट्रेकर्स का हेली रेस्क्यू कर उन्हें हर्षिल लाया गया था। इसके बाद कालिंदी पास क्षेत्र में फंसे लोगों को निकालने के लिए हेली रेस्क्यू अभियान चलाया गया, जिसमें अब सभी 19 ट्रेकर्स को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button