
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पहुंचकर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष और बलिदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग उत्तराखंड राज्य के निर्माण के लिए आंदोलनकारियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया और कई लोगों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके त्याग और संघर्ष की वजह से ही उत्तराखंड अलग राज्य बन सका। राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राज्य आंदोलनकारियों और शहीद आंदोलनकारियों के परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की कोशिश है कि आंदोलनकारियों ने जिस उत्तराखंड का सपना देखा था, उसे आगे बढ़ाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण करना ही शहीद आंदोलनकारियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने राज्य के विकास के लिए सभी लोगों से मिलकर काम करने की बात भी कही।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास भी मौजूद रहे।



