उत्तराखंड में 27 से 30 जनवरी के बीच लगेगी चुनाव आचार संहिता
बोर्ड एग्जाम को देखते हुए मार्च के पहले सप्ताह में उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव संभव

देहरादून। उत्तराखंड में राजनैतिक दलों ने चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। बीते मंगलवार को कांग्रेस ने देहरादून में चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। वहीं 26 नवंबर को भाजपा भी चुनाव कार्यलय का उद्घाटन करने के साथ भाजपा धामी सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड भी जारी करेगी। इसमें प्रदेश सरकार द्वारा किए गए प्रमुख विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं, ऐतिहासिक निर्णयों, रोजगार सृजन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, पर्यटन विकास, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के हित में किए गए कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आचार संहिता की
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की आचार संहिता इस बार 27 से 30 जनवरी के बीच लगने की संभावना है। इस बार विधानसभा चुनाव फरवरी के बजाए मार्च के पहले सप्ताह में होने की उम्मीद है। विभागीय तौर पर इसका खाका तैयार किया जा चूका है। पांच से दस मार्च के बीच पहले चरण में मतदान कराए जाने की संभावना है।
चुनावी तारीखों के इस संभावित कैलेंडर के पीछे सबसे बड़ा कारण बोर्ड परीक्षाएं हैं। दरअसल, राज्य और केंद्रीय बोर्ड की ज्यादातर बड़ी परीक्षाएं 15 फरवरी से 10 मार्च के बीच आयोजित होनी हैं। चूंकि चुनाव संपन्न कराने में सरकारी स्कूलों के भवनों और शिक्षकों की सबसे अहम भूमिका होती है, इसलिए चुनाव आयोग और प्रशासन के सामने परीक्षाओं और मतदान के बीच संतुलन बनाना बड़ी चुनौती है।
यही वजह है कि जनवरी के आखिरी हफ्ते में आचार संहिता लगाकर, बोर्ड परीक्षाओं के आखिरी दौर यानी पांच से दस मार्च के आसपास मतदान कराने का खाका तैयार किया गया है। उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से भी 27 से 30 जनवरी के में बीच आचार संहिता प्रस्तावित की गई है। 2022 के चुनाव में आठ जनवरी को आचार संहिता लागू हुई थी। अब चुनाव आयोग आधिकारिक तौर पर कार्यक्रम जारी करेगा।
पहले चरण में होंगे उत्तराखंड के चुनाव
बताया जा रहा है कि इस बार चुनाव आयोग यूपी का विधानसभा चुनाव तीन चरणों में कराने की तैयारी में है। पिछला 2022 का चुनाव यूपी में सात चरणों में हुआ था। लिहाजा, पहला चरण मार्च के प्रथम सप्ताह में होगा। पहले चरण में ही पश्चिम उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड शामिल होगा। उत्तराखंड में सरकार का कार्यकाल 28 मार्च को खत्म हो रहा है। अहम बात यह भी है कि राज्य में विधानसभा चुनाव के कारण ही जनगणना पहले कराई जा रही है।
अब बात करते हैं पिछले चुनाव की तारीखों की
2022 में 14 फरवरी
2017 में 15 फरवरी
2012 में 30 जनवरी
2007 में 21 फरवरी तथा 2002 में 14 फरवरी को उत्तराखंड में चुनाव हुए थे।
अब बात प्रस्तावित बोर्ड परीक्षाओं की
CBSC बोर्ड में कक्षा 10 और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। कक्षा 10 की परीक्षाएं नौ मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। ICSE बोर्ड की कक्षा 10 की परीक्षाएं 15 फरवरी से 31 मार्च तक और कक्षा 12 की परीक्षाएं नौ फरवरी से आठ अप्रैल 2027 तक होंगी। वहीं, उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं भी फरवरी से मार्च के प्रथम सप्ताह के बीच ही प्रस्तावित हैं।



