उत्तराखंडसामाजिक

देहरादून: बिजली कटौती से नेशविल्ला रोड और डोभालवाला के लोग परेशान

बिना सूचना घंटों बिजली बंद रहने से इन्वर्टर ने भी दिया जवाब और पानी की सप्लाई भी हुई बंद

देहरादून। नेशविल्ला रोड, ओंकार रोड और डोभालवाला क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिजली सुधार और तकनीकी काम के नाम पर बिना समय पर सूचना दिए कई घंटों तक बिजली बंद की जा रही है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार, एक दिन सुबह करीब 9 बजे बिना सूचना बिजली बंद कर दी गई। दोपहर करीब 2 बजे एसएमएस के जरिए बताया गया कि तकनीकी कारणों से तीन घंटे बिजली बंद रहेगी, लेकिन बिजली करीब रात 9 बजे बहाल हुई। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे फिर बिजली चली गई, जिसकी पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी।
लंबे समय तक बिजली बंद रहने का असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ा। शाम और अगली सुबह पानी की व्यवस्था प्रभावित होने से लोगों को काफी परेशानी हुई। बिजली पर निर्भर छोटे कारोबार और अन्य काम भी प्रभावित हुए, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। लगातार बिजली बंद रहने से कई घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे गए।
क्षेत्रवासी जगमोहन मेंदीरत्ता ने कहा कि तकनीकी काम या मरम्मत जरूरी है तो जनता उसका सहयोग करेगी, लेकिन बिजली कटौती की सही और समय पर जानकारी मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि विभाग को पहले से कटौती का समय और बिजली बहाल होने की संभावित जानकारी लोगों तक पहुंचानी चाहिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से भी इस समस्या का संज्ञान लेने और संबंधित विभाग के सामने क्षेत्र की समस्या रखने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से बेहतर व्यवस्था, समय पर सूचना और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button