
पंचकूला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंचकूला के ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित नमो क्रिकेट लीग में हिस्सा लिया। उन्होंने मैदान पर खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच खेलते देख खिलाड़ियों और वहां मौजूद लोगों में भी काफी उत्साह देखने को मिला।
नमो क्रिकेट लीग में देशभर की 30 से ज्यादा टीमों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से बातचीत की और उनके खेल की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की जगह खेल और फिटनेस को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खुद भी नशे से दूर रहें और अपने दोस्तों व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि आज युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए पहले से ज्यादा मौके मिल रहे हैं। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसे अभियानों से भी युवाओं को खेलों और फिटनेस से जुड़ने का मौका मिला है।
सीएम ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। वहीं खेल युवाओं को स्वस्थ और सही दिशा में आगे बढ़ने का मौका देता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर किसी चीज की लत लगानी है तो खेल और फिटनेस की लगाएं और अपने लक्ष्य को पाने का जुनून रखें।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ खिलाड़ियों और युवाओं ने ‘नशे को ना, खेल को हां’ का सामूहिक संकल्प लिया।



