उत्तराखंडपर्यटनसामाजिक

देहरादून : उत्तराखण्ड के 12 जनपदों में अगले 24 घंटे कम से मध्यम फ्लैश फ्लड का जोखिम

मौसम विभाग के फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने जारी किया बुलेटिन

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन स्थित फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने प्रदेश लिए अगले 24 घंटों का फ्लैश फ्लड रिस्क बुलेटिन जारी किया है। बुलेटिन के अनुसार 11 अगस्त को शाम 05बजे तक प्रदेश के 12 जनपदों में कुछ जलग्रहण क्षेत्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में कम से मध्यम स्तर के फ्लैश फ्लड का जोखिम रहने की संभावना है।

बुलेटिन के अनुसार अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी तथा पौड़ी गढ़वाल में अगले 24 घंटों के दौरान कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का जोखिम संभावित है।

अत्यधिक संतृप्त मिट्टी तथा निचले क्षेत्रों में वर्षा के कारण सतही जल बहाव एवं जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मौसम विभाग एवं अन्य तकनीकी संस्थानों से प्राप्त पूर्व चेतावनियों के आधार पर राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से प्रदेश की स्थिति पर 24×7 लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा सभी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि संभावित फ्लैश फ्लड, जलभराव, भूस्खलन एवं नदी-नालों में अचानक जलस्तर बढ़ने की परिस्थितियों को देखते हुए जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए संबंधित एजेंसियों को तैयार रखा गया है।

सुमन ने प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से अपील की कि मौसम खराब होने अथवा लगातार बारिश की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी, नालों, गदेरों एवं बरसाती जलधाराओं के समीप जाने से बचें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें।

उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में छोटी जलधाराओं में भी अचानक तेज जलप्रवाह आ सकता है। इसलिए पुल-पुलियों, नदी किनारे तथा जलभराव वाले क्षेत्रों को पार करने का प्रयास न करें। भूस्खलन संभावित मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें तथा यात्रा से पहले मौसम एवं सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र द्वारा मौसम, नदियों के जलस्तर एवं प्रदेश के संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के पहाड़ी ज़िलों और हरिद्वार ज़िले में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और तेज़ से बहुत तेज़ बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर ज़िले में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है।

बात करें राजधानी देहरादून की तो आसमान में आंशिक रूप से या आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में एक-दो दौर भारी बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button