अपराधउत्तराखंडयूथराजनीतिसामाजिक

देहरादून : महिलाओं की सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी आदत : रुचि भट्ट

देहरादून। भाजपा महिला मोर्चा, उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कांग्रेस नेताओं द्वारा हाल की दुखद घटना को लेकर दिए गए बयानों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा जैसे अत्यंत संवेदनशील विषय पर राजनीति करना कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली रही है। किसी भी पीड़ित परिवार के दुख को राजनीतिक हथियार बनाना न तो उचित है और न ही उत्तराखंड की जनता इसे स्वीकार करेगी।

रुचि भट्ट ने कहा कि जिस घटना का उल्लेख कांग्रेस कर रही है, वह अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा महिला मोर्चा पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है तथा दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई का पूर्ण समर्थन करता है। किंतु कांग्रेस द्वारा बिना जांच पूरी हुए जांच एजेंसियों पर प्रश्नचिन्ह लगाना और पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करना केवल सस्ती राजनीति का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। किसी भी अपराध के मामले में सरकार की नीति स्पष्ट है कि अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के अनुसार कठोर सजा दिलाई जाएगी। राज्य सरकार ने पूर्व में भी महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर यह सिद्ध किया है कि अपराधियों के लिए उत्तराखंड में कोई स्थान नहीं है।

रुचि भट्ट ने कहा कि कांग्रेस को यह भी बताना चाहिए कि उसके शासनकाल में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर उसकी क्या नीति थी और क्यों उस समय पीड़ितों को न्याय के लिए वर्षों तक भटकना पड़ता था। आज जब राज्य सरकार निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्रवाई कर रही है, तब कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा का स्पष्ट मत है कि इस प्रकरण की जांच पूरी निष्पक्षता और पारदर्शिता से हो, दोषियों को कठोरतम दंड मिले तथा किसी भी निर्दोष को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए बल्कि न्याय होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस से आग्रह किया कि वह महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर राजनीति करने के बजाय जांच प्रक्रिया पर विश्वास रखे और समाज में भ्रम फैलाने वाले बयान देने से बचे। उत्तराखंड की जनता जानती है कि भाजपा सरकार अपराधियों के साथ नहीं, बल्कि पीड़ितों के साथ खड़ी है और हर बेटी को न्याय दिलाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button