
देहरादून। भाजपा ने राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोपों को बेहद गंभीर मानते हुए शीघ्र जांच रिपोर्ट से दूध का दूध और पानी का पानी होने का दावा किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस मुद्दे पर राजनीति कर रही कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उनकी चिंता को कोरा पाखंड बताया। वहीं आईना दिखाते हुए करारा पलटवार किया कि जो दल छह दशकों तक बाबरी मस्जिद के लिए सरकार, सड़क और न्यायालयों में संघर्ष करता रहा, वह आज राम मंदिर के लिए आंसू बहाकर हिंदुओं की आस्था विश्वास को डिगाना चाहता है।
कांग्रेस प्रवक्ता द्वारा लगाए आरोपों को लेकर पूछे सवालों के जवाब में जारी एक बयान में उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व और उनकी नीयत पर जोरदार हमला किया।
यह वही कांग्रेस है, जिसके शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने राम मंदिर उद्घाटन के पावन अवसर पर ट्रस्ट का सम्मानजनक न्यौता मिलने के बावजूद वहां जाना जरूरी नहीं समझा। मुस्लिम वोट बैंक के लालच में आज तक भी इनके शीर्ष नेताओं में अयोध्या जाने की हिम्मत नहीं हुई। जिनके लिए सनातन के प्रति आस्था से बढ़कर केवल और केवल राजनीति मायने रखती हो, वे आज हिंदू आस्था की आड़ में झूठ, भ्रम और अफवाहें फैला रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस का तुष्टिकरण और हिंदुत्व विरोधी इतिहास याद दिलाते हुए कहा कि देश की जनता भूली नहीं है, किसने आजीवन राम मंदिर निर्माण का विरोध किया। कांग्रेस ने मंदिर निर्माण को रोकने के लिए अदालत में अपने बड़े-बड़े वकील नेता खड़े किए। प्रभु श्री राम के अस्तित्व को नकारने वाला हलफनामा कोर्ट में देने वाली भी इसी कांग्रेस की सरकार थी। यहाँ तक कि सुप्रीम कोर्ट में राम मंदिर का फैसला रोकने की याचिका सिर्फ इसलिए लगाई गई ताकि इसका राजनीतिक फायदा भाजपा को न मिल जाए। उन्होंने आगे कहा कि रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाली सरकार को संरक्षण देने वाली, विवादित ढांचा गिरने पर मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए एक नहीं बल्कि तीन-तीन राज्य सरकारों को बर्खास्त करने वाली और संसद में बाबरी मस्जिद दोबारा बनाने का वादा करने वाली कांग्रेस आज चढ़ावे को लेकर चिंतित होने का नाटक कर रही है।
उन्होंने कहा, जैसे ही प्रकरण संज्ञान में आया, तत्काल यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी को जांच करने का आदेश दिया, जिसकी रिपोर्ट भी वहां सरकार को प्राप्त हो गई है। लिहाजा अब प्रकरण को लेकर शीघ्र दूध का दूध और पानी का पानी सामने आ जायेगा। देश के करोड़ों सनातनियों को पीएम मोदी और सीएम योगी पर पूर्ण विश्वास है कि कोई भी गड़बड़ी करने वाला बचेगा नहीं। ये सच कांग्रेस भी जानती है, इसलिए बिना जांच का इंतजार किए झूठ, भ्रम और अफवाह फैला रही है। जिस पर देश का कोई भी नागरिक विश्वास नहीं करेगा। दरअसल कांग्रेस की यह नई मुहिम असल में सनातनियों की आस्था और विश्वास पर चोट करने की एक गहरी साजिश है।
वहीं उन्होंने कांग्रेस के दोहरे चरित्र को उजागर करते हुए कहा कि अभी हाल ही में यूपी बहराइच स्थित गाजी पीर दरगाह में भी दान के पैसों में करोड़ों रुपये के घपले की खबर सामने आई थी। लेकिन, उस पर कांग्रेस या किसी अन्य विपक्षी दल का एक भी बयान नहीं आया। ऐसा इसलिए क्योंकि वहां अल्पसंख्यक वोटों के खिसकने का खौफ इनकी जुबान को सिल देता है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि राम मंदिर की पवित्रता और सनातनियों की आस्था अक्षुण्ण है और रहेगी। भारत की सांस्कृतिक पहचान और पवित्र स्थानों को बदनाम करने की विपक्षी मुहिम कभी कामयाब नहीं होगी।



