उत्तराखंडराजनीति

जनता को कार्यों का हिसाब देगी धामी सरकार, 26 नवंबर को साझा होगी उपलब्धियां : महेंद्र भट्ट

नए उत्तराखंड की नींव से विकास की नई उड़ान तक, जनता के सामने आएगा पांच साल का सफर

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड ने बीते वर्षों में विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश सरकार 26 नवंबर को अपने कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियों, जनहित में लिए गए ऐतिहासिक निर्णयों और विकास कार्यों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने प्रस्तुत करने जा रही है। यह रिपोर्ट कार्ड उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता और उसके प्रयासों का प्रमाण होगा।
भट्ट ने कहा कि धामी सरकार ने राजनीतिक इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प के साथ ऐसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिन्होंने उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है। देश में सबसे पहले समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करना, सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून तथा सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जैसे फैसले सरकार की निर्णायक कार्यशैली और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। सरकार ने विकास के साथ राज्य की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक समरसता और मूल स्वरूप के संरक्षण को भी प्राथमिकता दी है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं। पारदर्शी भर्ती व्यवस्था, सख्त नकल विरोधी कानून और लगातार आयोजित की जा रही भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर मिला है। वहीं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को विस्तार मिला है। प्राप्त निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने की दिशा में हो रहे प्रयास उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की आर्थिकी को मजबूत बनाने में पर्यटन और तीर्थाटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं में सुधार, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन का विस्तार, सड़क और हवाई कनेक्टिविटी में सुधार तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना जैसे महत्वपूर्ण कार्य प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रहे हैं। सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर सरकार ने विकास की मुख्यधारा को दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण, किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देना भी सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। लखपति दीदी अभियान, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने, होमस्टे और स्वरोजगार की योजनाओं ने प्रदेश की महिलाओं और ग्रामीण युवाओं के लिए नए अवसर सृजित किए हैं। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और पलायन की चुनौती से निपटने के लिए गांवों में ही रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार की उपलब्धियां केवल योजनाओं और घोषणाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कई महत्वपूर्ण फैसलों और विकास कार्यों के रूप में धरातल पर दिखाई दे रही हैं। राज्य में आधारभूत ढांचे का विस्तार, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं में सुधार, निवेश को प्रोत्साहन, धार्मिक पर्यटन का विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन इस परिवर्तन की महत्वपूर्ण कड़ियां हैं।
भट्ट ने कहा कि 26 नवंबर को प्रस्तुत होने वाला रिपोर्ट कार्ड जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही और पारदर्शिता का परिचायक होगा। भाजपा सरकार अपने कार्यों और उपलब्धियों के आधार पर जनता के बीच जाने में विश्वास रखती है। इसके विपरीत विपक्ष के पास न तो विकास का कोई ठोस विजन है और न ही प्रदेश के भविष्य को लेकर कोई सकारात्मक एजेंडा। केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की नई ऊंचाइयों को छुएगा। भाजपा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में अपने कार्यों, उपलब्धियों और जनसेवा के संकल्प को लेकर जनता के बीच जाएगी और प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से एक बार फिर सरकार बनाने के लक्ष्य को हासिल करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button