
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद और भ्रामक बताया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण पूरी तरह संवैधानिक प्रक्रिया है और इसका उद्देश्य केवल फर्जी, अपात्र तथा दोहरे नामों को हटाना है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची को अपडेट किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है, जो अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं या जिनकी जानकारी गलत पाई जाती है, उनके नाम नियमानुसार हटाए जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता वैध है तो उसका नाम नहीं हटेगा और किसी को घबराने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर भ्रम फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। भट्ट ने कहा कि यदि कांग्रेस का दावा सही है तो उसे यह भी बताना चाहिए कि जिन फर्जी, अपात्र या दोहरे नामों पर आपत्ति दर्ज हो रही है, वे उसके समर्थक कैसे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड की सरकार का फैसला केवल राज्य के वैध मतदाता ही करेंगे, न कि फर्जी या अवैध घुसपैठिए। उन्होंने कांग्रेस से अपने आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत पेश करने की मांग करते हुए कहा कि बिना प्रमाण संवैधानिक प्रक्रिया को बदनाम करना उचित नहीं है।
भाजपा ने दोहराया कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण की प्रक्रिया कानून के दायरे में पूरी पारदर्शिता के साथ आगे भी जारी रहेगी।



