उत्तराखंडखेलयूथसामाजिक

देहरादून से शुरू हुआ आर्मी सर्विस कोर का व्हाइट वॉटर राफ्टिंग अभियान

16 सदस्यीय दल रुद्रप्रयाग से ऋषिकेश तक 145 किमी की नदी यात्रा करेगा

देहरादून। आर्मी सर्विस कोर के व्हाइट वॉटर राफ्टिंग एक्सपीडिशन-2026 को बुधवार को देहरादून से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मेजर जनरल पी. के. तिवारी ने 16 सदस्यीय दल को रवाना किया।
अभियान की वास्तविक नदी यात्रा 7 अक्टूबर से रुद्रप्रयाग से शुरू होगी और 11 अक्टूबर को ऋषिकेश में इसका समापन होगा। इस दौरान दल अलकनंदा और गंगा नदी में करीब 145 किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण यात्रा पूरी करेगा।
दल में 2 अधिकारी, 2 जूनियर कमीशंड अधिकारी और 12 अन्य सैन्यकर्मी शामिल हैं। अभियान को रुद्रप्रयाग से धारी देवी, श्रीनगर, देवप्रयाग और कौड़ियाला होते हुए ऋषिकेश तक पांच चरणों में पूरा किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य सैन्यकर्मियों में साहस, अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करने की क्षमता को मजबूत करना है। दल के सदस्यों ने 21 सितंबर से 3 अक्टूबर तक रायवाला में व्हाइट वॉटर राफ्टिंग का प्रशिक्षण भी लिया था ।
इस अभियान के दौरान दल अलकनंदा की तेज धाराओं को पार करते हुए देवप्रयाग पहुंचेगा, जहां अलकनंदा और भागीरथी का संगम होता है। इसके बाद गंगा नदी के रास्ते कौड़ियाला से ऋषिकेश तक यात्रा पूरी की जाएगी।
आर्मी सर्विस कोर की ओर से इससे पहले वर्ष 2022 में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में ऐसा अभियान आयोजित किया गया था। करीब पांच साल बाद इस अभियान के दोबारा शुरू होने से सैन्यकर्मियों को साहसिक गतिविधियों के जरिए अपनी शारीरिक और मानसिक क्षमता को परखने का अवसर मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button