
लोहाघाट। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं उत्तराखंड प्रभारी तथा सिरसा की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री कुमारी सैलजा ने भाजपा की धामी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को अपनी जनविरोधी नीतियों, खोखली घोषणाओं और अधूरे वादों का जवाब उत्तराखंड की जनता को देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और उत्तराखंड बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है।

लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कार्यशैली से निराश हो चुकी है और कांग्रेस की नीतियों एवं विचारधारा में अपना विश्वास जता रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा आज एक गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सरकार को जनता के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाल स्थिति, अस्पतालों में चिकित्सकों की कमी तथा युवाओं में बढ़ती बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सरकार की चुप्पी चिंताजनक है। आखिर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए कब तक इंतजार करना पड़ेगा?
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार को अपनी घोषणाओं और जमीनी हकीकत का आकलन करना चाहिए तथा जनता को बताना चाहिए कि पिछले वर्षों में आम आदमी, गरीब, किसान, महिलाओं और युवाओं के जीवन में क्या वास्तविक बदलाव आया है। केवल विज्ञापनों और भाषणों से प्रदेश का विकास नहीं हो सकता, इसके लिए धरातल पर काम करना आवश्यक है।
बद्रीनाथ एवं केदारनाथ धाम में सोने से जुड़े विवाद और चढ़ावे के हिसाब को लेकर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दोनों पवित्र धामों में श्रद्धालु अपनी आस्था और सामर्थ्य के अनुसार चढ़ावा अर्पित करते हैं। साधारण परिवारों की महिलाएं भी अपनी बचत में से 50 या 100 रुपये श्रद्धापूर्वक दान करती हैं। ऐसे में प्रत्येक श्रद्धालु को यह जानने का अधिकार है कि धामों में कितना चढ़ावा प्राप्त हुआ, उसका उपयोग कहां और किस प्रकार किया गया तथा उसकी निगरानी और जवाबदेही किसकी है। सरकार को पूरे मामले में पारदर्शिता बरतते हुए आय-व्यय का विवरण सार्वजनिक करना चाहिए और सामने आए आरोपों की जांच की स्थिति भी स्पष्ट करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवाओं और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रदेश के प्रत्येक जिले और विधानसभा क्षेत्र में मजबूती से उठाएगी। जनता के धन और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े चढ़ावे का हिसाब मांगना किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि जनता का लोकतांत्रिक अधिकार है।
कुमारी सैलजा ने स्पष्ट कहा कि उत्तराखंड की जनता अब केवल वादे नहीं, बल्कि जवाबदेही और ठोस काम चाहती है। भाजपा की धामी सरकार को जनता के इन सवालों का जवाब देना ही होगा। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी और प्रदेश में बदलाव की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाएगी।



