अपराधउत्तराखंडपर्यटनयूथसामाजिकस्वास्थ्य

देहरादून: मिलावट-जमाखोरी पर धामी सरकार का शिकंजा

सीएम के निर्देश पर जिलों में तेज हुई जांच, दुकानों से लिए जा रहे सैंपल

देहरादून। त्योहारों के मौसम में मिलावट, जमाखोरी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए उत्तराखंड सरकार ने जांच अभियान तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सभी जिलों में एक सप्ताह तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी मंडलायुक्तों को दी गई है।

जिला प्रशासन और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीमें बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के सैंपल ले रही हैं। जांच के दौरान एक्सपायरी और खराब खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट कराया जा रहा है, जबकि कई दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। टीमों द्वारा चीनी की जमाखोरी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक इस्तेमाल की भी जांच की जा रही है।

देहरादून जिले में सोमवार को 11 खाद्य नमूने लिए गए और तीन प्रतिष्ठानों को व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी गई। एक अगस्त से अब तक जिले में 70 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 48 सैंपल लिए जा चुके हैं। इसके अलावा सर्वे के लिए 20 सैंपल लिए गए हैं और 11 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। चार मामले एडीएम कोर्ट में भी दर्ज कराए गए हैं।

हरिद्वार में 17 अगस्त से चल रहे अभियान के तहत अब तक 47 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण और 27 सैंपल लिए गए हैं। 10 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं और चार मामले विभिन्न न्यायालयों में दर्ज कराए गए हैं।

चमोली में तीन सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए और एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिलने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों का निरीक्षण कर छह सैंपल लिए गए और छह दुकानों से मिली एक्सपायरी सामग्री नष्ट कराई गई।

अल्मोड़ा में दो, बागेश्वर में तीन, पिथौरागढ़ में दो, पौड़ी में 10, नैनीताल में छह, टिहरी में छह और उत्तरकाशी में चार सैंपल लिए गए।

चंपावत में अब तक 21 स्थानों का निरीक्षण कर 10 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

नैनीताल में मानकों के अनुरूप न मिलने पर 10 किलो मिठाई नष्ट कराई गई। उत्तरकाशी में बिना लाइसेंस खाद्य सामग्री बेचने के मामले में नोटिस जारी किया गया। चमोली में दो कंपनियों की सामग्री की पैकेजिंग और लेबलिंग मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर कार्रवाई की जा रही है।

सरकार ने साफ किया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, जमाखोरी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button