उत्तराखंडयूथराजनीति

हरिद्वार : खड़गे की सभा स्थल के शुद्धिकरण पर कांग्रेस ने फूंका भाजपा का पुतला

हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी में आयोजित सभा के बाद रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एससी एसटी विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विनोद कुमार और प्रीतम सिंह के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता शिवा ग्रैंड होटल, शंकर आश्रम के पास एकत्र हुए और वहां से जुलूस के रूप में शंकराचार्य चौक की ओर रवाना हुए। हाथों में पार्टी के झंडे और नारे लिखी तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने शुद्धिकरण की कार्रवाई को लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए अपना आक्रोश जताया।

जुलूस शंकराचार्य चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सभा की। इसके बाद भाजपा सरकार के पुतले का दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक कार्यक्रम के बाद किसी सार्वजनिक स्थल के शुद्धिकरण की बात समाज में अनावश्यक विभाजन पैदा करने वाली मानसिकता को दर्शाती है।

प्रदर्शन में पूर्व राज्य मंत्री संजय पालीवाल, संजय सैनी, सुखपाल सिंह जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुमार दुबे, वरिष्ठ कांग्रेसी नरेश सेमवाल, ईशम सिंह, एडवोकेट सतीश दुबे, दिनेश पुंडीर, प्रधान दिनेश वालिया, तेलूराम प्रधान, मनोज धनकर, दीवान चंद, अमित नौटियाल, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल, जबलपुर ब्लॉक अध्यक्ष यशवंत सैनी, बी.एस. तेजयान, यूथ नेता गौरव सिंह चौहान, सोहेल कुरैशी, ताहिर, उमेश बर्मन, अजीत कुमार, प्रभारी महेश प्रताप राणा तथा सी.पी. सिंह (भेल) सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button