
हरिद्वार।धर्मनगरी हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में रक्तदान की आड़ में कथित अवैध रक्त संग्रह का मामला सामने आया है। पुलिस ने बिना अनुमति ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर रक्त एकत्र करने के आरोप में अनित सैनी, शुभम कुमार, दुष्यन्त कुमार, कावेन्द्र कुमार और दया सिंह पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 27 यूनिट रक्त, 27 खाली ब्लड बैग, ब्लड कलेक्शन उपकरण और दो वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव-देहात में बिना आवश्यक अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप लगाकर लोगों से रक्त एकत्र कर रहे हैं। आरोप है कि एकत्रित रक्त को ब्लड बैंक में जमा कराने के बजाय अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर बेचने की कोशिश की जा रही थी।
सूचना पर लक्सर पुलिस ने अलावलपुर तिराहे पर दो संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। स्विफ्ट कार की डिग्गी में रखे आइस बॉक्स से 27 यूनिट रक्त और 27 खाली ब्लड बैग बरामद हुए। इसके अलावा रक्त संग्रह और जांच से जुड़े उपकरण भी मिले।
दूसरे वाहन से चार डोनर चेयर, डोनर फॉर्म बुक, वेट मशीन, 28 प्रमाणपत्र, स्लाइड और चार हाथ बांधने वाली बेल्ट समेत अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आरोपियों द्वारा बिना आवश्यक अनुमति के ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित किए जाने की बात सामने आई है।
पुलिस ने मामले में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है। एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि रक्तदान जैसे पवित्र कार्य की आड़ में अवैध गतिविधियां करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



