अपराध

राजधानी दून में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, डालनवाला थाना क्षेत्र के तिब्बती मार्केट के पास हुई वारदात

देहरादून। डालनवाला थाना क्षेत्र के तिब्बती मार्केट के पास अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति को गोली मार दी। गंभीर हालत में घायल को पुलिस ने दून अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा, निवासी इंदिरा नगर, थाना बसंत विहार, देहरादून के रूप में हुई है। अर्जुन शर्मा जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के स्वामी थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते उनकी माता ने पहले ही अपने बेटे को जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी प्राप्त की थी। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, स्कूटी सवार दो हमलावरों ने इस वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button