उत्तराखंडसामाजिक

अशोक चक्र विजेता शहीद गजेन्द्र सिंह बिष्ट को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

18वीं पुण्यतिथि पर गौरव सेनानी एसोसिएशन उत्तराखंड ने परिवार संग दी श्रद्धांजलि

देहरादून। 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान देश की रक्षा करते हुए अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देने वाले उत्तराखंड के वीर सपूत, अशोक चक्र से सम्मानित शहीद हवलदार गजेन्द्र सिंह बिष्ट की 18वीं पुण्यतिथि पर गौरव सेनानी एसोसिएशन उत्तराखंड द्वारा गणेशपुर, शिमला बाईपास रोड स्थित उनके शहीद स्मारक पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस अवसर पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों, पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्धसैनिकों तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर राष्ट्र की रक्षा में उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर सिंह राणा के साथ शहीद की धर्मपत्नी विनीता बिष्ट जी व उनके सुपुत्र गौरव बिष्ट ने सर्वप्रथम शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने पुष्प अर्पित कर वीर शहीद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

नरीमन हाउस में अदम्य साहस और वीरता की अमर गाथा
इस अवसर पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनवर सिंह रौथाण ने शहीद गजेन्द्र सिंह बिष्ट के अद्वितीय शौर्य और बलिदान की गाथा को उपस्थित लोगों के सम्मुख रखा।
उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमलों के दौरान आतंकवादियों ने नरीमन हाउस स्थित यहूदी धार्मिक एवं सामुदायिक केंद्र को भी निशाना बनाया था और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया था। आतंकवादियों से बंधकों को मुक्त कराने तथा उन्हें निष्क्रिय करने के लिए भारतीय सेना की पैराशूट रेजिमेंट से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की 51 स्पेशल एक्शन ग्रुप (SAG) में प्रतिनियुक्त हवलदार गजेन्द्र सिंह बिष्ट अपने कमांडो दल के साथ ऑपरेशन में शामिल हुए।
27 नवंबर की रात नरीमन हाउस में चलाए गए इस अभियान के दौरान हवलदार गजेन्द्र सिंह बिष्ट अपने दल का नेतृत्व करते हुए आतंकवादियों के कब्जे वाले भवन के ऊपरी हिस्से को सुरक्षित करने के बाद उनके ठिकाने की ओर बढ़े। इसी दौरान आतंकवादियों ने उन पर ग्रेनेड से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
लेकिन देश के इस वीर सपूत ने घायल होने के बावजूद हार नहीं मानी। अदम्य साहस और अद्भुत पराक्रम का परिचय देते हुए वे लगातार आतंकवादियों का मुकाबला करते रहे। उन्होंने जवाबी कार्रवाई में एक आतंकवादी को घायल किया और अन्य आतंकवादियों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपना मोर्चा नहीं छोड़ा और अंतिम सांस तक मुकाबला करते हुए मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दे दिया।
उनकी इस असाधारण वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान के लिए भारत सरकार द्वारा उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता पुरस्कार ‘अशोक चक्र’ से सम्मानित किया गया।
शहीद गजेन्द्र सिंह बिष्ट की वीरता केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव और प्रेरणा का प्रतीक है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रभक्ति, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

शहीदों का सम्मान हमारी जिम्मेदारी
गौरव सेनानी एसोसिएशन उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने कहा कि देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का सम्मान करना हम सभी का नैतिक एवं राष्ट्रीय दायित्व है। एसोसिएशन सदैव शहीदों के सम्मान, उनके परिवारों के गौरव और नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के लिए प्रतिबद्ध है। शहीदों की स्मृतियों को जीवित रखना और उनके बलिदान से समाज को परिचित कराना संगठन का निरंतर प्रयास रहेगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पूर्व अर्धसैनिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
गौरव सेनानी एसोसिएशन उत्तराखंड वीर शहीद गजेन्द्र सिंह बिष्ट के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को शत-शत नमन करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button