
देहरादून। राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी की घटना को अंजाम देने वाले रैपिडो चालक कमलेश कुमार पुत्र चिम्मन लाल निवासी पीलीभीत उत्तर प्रदेश को लगभग 08 लाख की ज्वैलरी व सामान के साथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार 13 नवंबर को आस्तिका यादव ने थाना प्रेमनगर पर शिकायत दर्ज कराई कि एक रैपिडो आटो चालक वाहन संख्या UK07TE-1394 ने वादिनी का सूटकेस व अन्य सामान, जिसमे उनकी कीमती ज्वेलरी भी थी, को चोरी कर लिया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल तथा उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो व रेपीडो कंपनी से संदिग्ध ऑटो चालक के संबंध आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई। जानकारी के आधार पर सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
14 नवंबर को चेकिंग के दौरान पुलिस ने बैरियर चैक पोस्ट झाझरा से घटना को अंजाम देने वाले अभियुक्त कमलेश कुमार पुत्र चिम्मन लाल निवासी पीलीभीत उत्तर प्रदेश हाल किराएदार जमील अहमद जमनपुर थाना सेलाकुई जनपद देहरादून को चोरी की गई लगभग 08 लाख रुपये की ज्वैलरी व सामान के साथ गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में कमलेश ने बताया गया कि वह नशे का आदी है तथा अपने नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उसके द्वारा उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था, आज वह उक्त घटना में चोरी की गई ज्वेलरी को बेचने के लिये बाहर भागने की फिराक में था, पर इससे पहले ही पुलिस द्वारा उसे गिरफ्तार कर लिया गया।



