उत्तराखंडराजनीति

विकास के मंच पर हुड़दंग, कांग्रेस का अराजक चेहरा फिर बेनकाब : सुरेश जोशी

जौलजीबी मेले में कांग्रेस की गुंडागर्दी ने देवभूमि को किया शर्मसार

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने पिथौरागढ़ जनपद के ऐतिहासिक एवं अंतर्राष्ट्रीय जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह के दौरान कांग्रेस विधायक हरीश धामी द्वारा किए गए अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और तोड़फोड़ की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीमांत क्षेत्र के विकास के लिए ₹102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात दे रहे थे, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस विधायक ने सांस्कृतिक मंच को अखाड़ा बनाकर उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे देश की छवि को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर धूमिल करने का काम किया है।
भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर आयोजित होने वाला जौलजीबी मेला दोनों देशों की साझा संस्कृति, व्यापार और मैत्री का प्रतीक है। इस मेले में नेपाल से बड़ी संख्या में व्यापारी और नागरिक शामिल होने आते हैं। ऐसे गरिमामयी और अंतर्राष्ट्रीय मंच पर माइक फेंकना, कुर्सी उठाकर मारना, शिलान्यास पट्ट व मंच पर मौजूद व्यक्तियों और अधिकारियों के साथ गाली-गलौज करना न केवल देवभूमि की संस्कृति के विरुद्ध है, बल्कि विदेशी मेहमानों के सामने पूरे देश को शर्मसार करने वाला कृत्य है।
जोशी ने कांग्रेस के नेतृत्व पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि गुंडई, दबंगई और संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार करना ही कांग्रेस का वास्तविक चरित्र बन चुका है। उन्होंने याद दिलाया कि इससे पूर्व स्वयं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष ने भी एसएसपी कार्यालय में घुसकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और तोड़फोड़ की थी। जब प्रदेश नेतृत्व का आचरण ही अराजक होगा, तो उनके विधायकों से मर्यादा की अपेक्षा कैसे की जा सकती है?
सुरेश जोशी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से सत्ता से बाहर रहने के कारण कांग्रेस के भीतर जबरदस्त छटपटाहट और हताशा घर कर गई है। अभी तो कांग्रेस विपक्ष में है और उनका यह अराजक रूप सामने आ रहा है; जनता भली-भांति समझ सकती है कि यदि गलती से भी इन्हें सत्ता मिल जाए, तो प्रदेश में किस स्तर की दबंगई और जंगलराज कायम होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक हरीश धामी अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने और धामी सरकार द्वारा धारचूला व सीमांत क्षेत्रों में किए जा रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों से बौखलाए हुए हैं। लोकतंत्र में अपनी बात रखने के अनेक मर्यादित तरीके होते हैं, लेकिन जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस अब हिंसा, हुड़दंग और सरकारी कार्यक्रमों में व्यवधान डालकर सुर्खियां बटोरना चाहती है। देवभूमि की शांत और जागरूक जनता कांग्रेस के इस अराजक व दबंग चेहरे को कभी स्वीकार नहीं करेगी और आगामी चुनावों में अपने वोट की ताकत से इन्हें करारा सबक सिखाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button