
देहरादून। देहरादून के थाना रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये मूल्य की 48.55 ग्राम एमडीएमए (MDMA) और 40.75 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
रायपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक तस्कर हाई-प्रोफाइल ड्रग्स लेकर देहरादून पहुंचा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने अरण्य विहार क्षेत्र में देर रात चेकिंग अभियान चलाया और एक खाली प्लॉट के पास से दानिश निवासी सहारनपुर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह बरामद एमडीएमए और स्मैक सहारनपुर के एक स्थानीय तस्कर से खरीदकर लाया था। उसका इरादा इन मादक पदार्थों को देहरादून में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में सप्लाई करने का था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रायपुर में विभिन धाराओ के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है | पूछताछ में कुछ अन्य नशा तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।



