
देहरादून। उत्तराखंड के जनपद चमोली के मलारी-नीति में अचानक आई बाढ़ हाईवे पर बने मॉड्यूलर पुल को बहा ले गई।
मिली जानकारी ने अनुसार 10 अगस्त की शाम लगभग 05बजे, भारी बारिश के कारण तमक नाले में अचानक पानी का बहाव बढ़ गया, जिससे एक मॉड्यूलर पुल (120 फीट लंबा) बह गया। यह घटना नीति दर्रे (Niti Pass) के रास्ते में मलारी नेशनल हाईवे पर तमक नाले के पास हुई।
आवाजाही पर असर
पुल बहने से नीति घाटी के एक दर्जन से ज़्यादा सीमावर्ती गांवों जिनमें मलारी, गमशाली और नीति शामिल हैं तक सड़क संपर्क कुछ समय के लिए टूट गया है। स्थानीय प्रशासन और बचाव एजेंसियां हालात का जायजा लेने और स्थिति ठीक होते ही संपर्क बहाल करने के काम में जुट गई हैं।
जान-माल का नुकसान और बचाव कार्य
अचानक आए इस बहाव की चपेट में एक बोलेरो गाड़ी आ गई। गाड़ी में सवार हवलदार पंकज ने सूझबूझ और तेज़ी से काम करते हुए साथ बैठे यात्रियों की जान बचाई। हालांकि, पानी के तेज़ बहाव में वे खुद बह गए और अभी लापता हैं। नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (NDRF) और बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइज़ेशन (BRO) की टीमें स्थानीय बचाव दलों के साथ मिलकर खोज और बचाव अभियान चला रही हैं। शाम को तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक उनका पता नहीं चल पाया है। कल सुबह रोशनी होते ही, और मज़बूत टीमों और ज़रूरी उपकरणों के साथ फिर से खोज और बचाव अभियान शुरू किया जाएगा।



