
उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में आयोजित ‘युवा समसामयिक संवाद’ कार्यक्रम में विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे छात्रों ने रोजगार, भ्रष्टाचार, पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान-प्रौद्योगिकी और सीमांत क्षेत्रों के विकास से जुड़े सवाल मुख्यमंत्री के सामने रखे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि रिश्वत मांगे जाने या भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत होने पर टोल-फ्री नंबर 1064 या संबंधित मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं से मुख्यमंत्री ने अनुशासित और सकारात्मक सोच के साथ तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अब तक 34 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
सीमांत क्षेत्रों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इन क्षेत्रों को देश का अंतिम छोर नहीं, बल्कि ‘प्रथम गांव’ मानकर विकास कर रही है। ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। इसलिए विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क और हवाई कनेक्टिविटी तथा होमस्टे जैसी सुविधाओं से प्रदेश में पर्यटन को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में सालाना पर्यटकों की संख्या 7 से 8 करोड़ के पार पहुंच गई है।
कार्यक्रम में 18 विद्यालयों के करीब 360 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए और मुख्यमंत्री ने उनके जवाब दिए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



