
देहरादून। उत्तराखंड के जनपद चमोली में स्थित श्री बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई थाली भेंट की धनराशि और अन्य भेंट सामग्री में वित्तीय अनियमितता के मामले में एसआईटी ने जांच के बाद मंदिर समिति के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को देहरादून से गिरफ्तार किया। श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की वित्तीय व्यवस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को शासन ने गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच के आदेश दिए थे।
मामले में 8 जुलाई को बदरी-केदार मंदिर समिति के प्रभारी मंदिर अधिकारी युद्धवीर पुष्पवान की शिकायत पर कोतवाली बद्रीनाथ में बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि थाली भेंट की गणना के दौरान मंदिर समिति का कर्मचारी प्रमोद नौटियाल धनराशि और अन्य भेंट सामग्री को चोरी-छिपे अपने कब्जे में ले रहा था।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में गठित एसआईटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों के बयान दर्ज किए और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जांच में आरोपी कई बार गणना कक्ष से रुपये और अन्य भेंट सामग्री मोबाइल फोन के नीचे छिपाकर तथा जेब में रखकर बाहर ले जाता दिखाई दिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग समय पर 500 रूपये के नोट, सोना-चांदी के सिक्कों के पैकेट, शालिग्राम शिला और केसर के पैकेट भी अपने कब्जे में लिए थे। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रमोद नौटियाल को उसके देहरादून स्थित आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



