
देहरादून। हंसराज सैनी पुत्र रोहताश सैनी निवासी भोगपुर थाना पथरी जिला हरिद्वार ने कोतवाली पटेलनगर पर प्रार्थना पत्र दिया कि 19 जून को सुबह समय करीब 2.30 बजे ओम सिटी स्थित किराये के मकान में वह अपने 02 अन्य साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी व शुभम अग्रवाल को अपने पास पूर्व से ही रखी एक पिस्टल को दिखा रहा था, इस दौरान गोपाल शर्मा उर्फ भिण्डी से पिस्टल को अपने पास लेकर चैक करने के दौरान अचानक चली गोली उसकी नाक की बराबर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
घटना की गम्भीरता देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशों पर तत्काल कोतवाली पटेलनगर पर पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों को चैक कर घटना में शामिल नामजद अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिण्डी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया तथा मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर 19 जून को अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी पुत्र रूपलाल शर्मा को ओमसिटी के बाहर सडक से गिरफ्तार किया गया ।
पूछताछ में अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिण्डी द्वारा बताया गया कि वो 18 जून की रात्रि में अपने दोस्त शुभम अग्रवाल के साथ घूम रहा था, इस दौरान उसके साथी हंसराज, जिसे वह पिछले 09-10 वर्षों से जानता है तथा उसके साथ प्रापर्टी डीलिंग का कार्य करता है, के द्वारा उसे फोन कर पिस्टल खरीदने की जानकारी देते हुए रात्रि में अपने ओमसिटी स्थित फ्लैट में बुलाया गया। जहां देर रात्रि वे दोनों हंसराज के फ्लैट में पहुंचे, जहां उसके द्वारा उन्हें एक पिस्टल दिखाते हुए बताया कि वह उसे 65 हजार रूपये में खरीदकर लाया है। इस बीच उक्त पिस्टल को चैक करने के दौरान अचानक उसके हाथ से पिस्टल का ट्रिगर दब जाने से पिस्टल से निकली गोली हंसराज की नाक के बगल में लग गई और वह नीचे गिर गया।
घटना के बाद गोपाल शर्मा ने हंसराज को पिस्टल का लाइसेंस न होने तथा पुलिस ने उसे भी अवैध पिस्टल रखने पर गिरफ्तार करने की बात कहते हुए डराया गया तथा छत में घूमने के दौरान अज्ञात व्यक्ति द्वारा चलाई गई गोली से घायल होने की झूठी कहानी गढने को कहा गया तथा योजना के मुताबिक हंसराज के चेहरे से निकल रहे खून की कुछ बूंदे छत पर गिराकर नीचे कमरे में फैले खून को साफ किया गया। इसके बाद अभियुक्त गोपाल शर्मा अपने साथी शुभम अग्रवाल के साथ स्कूटी से घायल हसंराज को इन्द्रेश अस्पताल ले गये तथा इस दौरान गोपाल शर्मा द्वारा पिस्टल को ओम सिटी के पास झाडियों में फेंक दिया, जिसे पुलिस ने अभियुक्त गोपाल शर्मा उर्फ भिन्डी की निशानदेही पर बरामद किया गया। अभियुक्त पर पूर्व में भी बलवे व मारपीट का अभियोग पंजीकृत है।



