
देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखंड के ज़्यादातर ज़िलों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए जानकारी दी कि उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चमोली ज़िलों में कुछ जगहों पर तेज़ से बहुत तेज़ बारिश और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफ़ान आने की संभावना है।
येलो अलर्ट जारी करते कहा कि उत्तराखंड के बाकी ज़िलों में कुछ जगहों पर तेज़ बारिश और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफ़ान आने की संभावना है। उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
बात करें राजधानी देहरादून की तो आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है; कुछ इलाकों में बारिश तेज़ हो सकती है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित जिलों को आवश्यक सावधानियां बरतने तथा 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित विभागों को अपने स्तर पर आवश्यक संसाधनों एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित रखने के साथ ही सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल मार्ग खोलने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौसम की इस अवधि में मोबाइल फोन स्विच ऑफ न करने, आवश्यक सुरक्षा उपकरण अपने साथ रखने तथा किसी भी आपदा की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों एवं पर्यटकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और अनावश्यक जोखिम लेने से बचें। उन्होंने कहा कि भारी वर्षा के दौरान नदी-नालों, गदेरे एवं बरसाती नालों के आसपास जाने से बचें तथा जलभराव वाले स्थानों और कमजोर पुलों को पार करने का प्रयास न करें। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन एवं पत्थर गिरने की आशंका वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतें और मौसम खराब होने पर यात्रा को यथासंभव स्थगित करें।



