
देहरादून। उत्तराखंड के ज़िलों में ज़्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी करते हुए चेताया कि उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी और हरिद्वार ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और कहीं-कहीं बहुत ज़्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए बताया कि उत्तराखंड के नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, चंपावत, ऊधम सिंह नगर, उत्तरकाशी और पौड़ी ज़िलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और बहुत तेज़ से लेकर अत्यधिक तेज़ बारिश होने की संभावना है।
येलो अलर्ट जारी करते हुए मौसम विभाग ने बताया कि उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ ज़िलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ ज़िलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान और तेज़ से लेकर बहुत तेज़ बारिश होने की संभावना है।
बात करें राजधानी देहरादून की तो आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में एक-दो बार भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।



