
हरिद्वार। हरिद्वार के कोतवाली भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली कि गौकशी के मामले में वांछित छोटू पुत्र संसार उर्फ शमशाद निवासी ग्राम हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाली सड़क के सामने आम के बाग में गौकशी की तैयारी कर रहा है।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आम के बाग में कांबिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस टीम को देखकर तस्कर ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी गई, लेकिन तस्कर ने दोबारा फायरिंग कर दी।
इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तसकर के पैर में गोली लग गई। कुछ देर बाद तस्कर ने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस टीम ने सावधानीपूर्वक उसे हिरासत में लेकर मौके से अवैध तमंचा एवं अन्य सामान बरामद किया।
तस्कर के विरुद्ध पुलिस पार्टी पर फायरिंग के संबंध में धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 आयुध अधिनियम तथा उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई है।
घायल अभियुक्त को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की भेजा गया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने साक्ष्य संकलन की कार्रवाई भी की।



