उत्तराखंडयूथसामाजिक

‘द बीटल्स’ पर बनेगी फिल्म ‘क्लोवर। शूटिंग ऋषिकेश में

दल ने की सीएम से मुलाकात। अक्षय कुमार भी मिले

देहरादून। अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग उत्तराखण्ड में किए जाने के संबंध में चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ‘क्लोवर’ नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया यानी बीटल्स आश्रम में की जानी प्रस्तावित है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना के अंतर्गत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना प्रस्तावित है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय व 150 भारतीय क्रू सदस्यों के अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों व अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यहां इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक व आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिलने के साथ राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखण्ड में देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों एवं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।। साथ ही प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
बता दें कि ‘द बीटल्स’ 1960 में इंग्लैंड के लिवरपूल शहर में एक विश्व प्रसिद्ध अंग्रेजी रॉक बैंड था। यह संगीत के इतिहास के सबसे प्रभावशाली और सबसे ज्यादा बिकने वाले बैंड्स में से एक माना जाता है। बीटल्स बैंड में चार मुख्य सदस्य थे।
गायक और गिटारवादक जॉन लेनन पॉल मैककार्टनी के तौर पर थे। जॉर्ज हैरिसन लीड गिटारवादक और रिंगो स्टार ड्रमवादक थे।
इस बैंड की शुरुआत “द क्वारीमेन” नामसे हुई थी, जो बाद में ‘द बीटल्स’ बना।
1960 के दशक में इनके गानों और इनकी लोकप्रियता को पूरी दुनिया में ‘बीटलमेनिया’ के नाम से जाना गया।
इनके प्रसिद्ध एल्बमों में Abbey Road, Pepper’s Lonely Hearts Club Band, और Rubber Soul शामिल हैं। “Hey Jude”, “Let It Be”, और “Here Comes the Sun” इनके सबसे लोकप्रिय गीतों में हैं।
बीटल्स 1968 में ध्यान और अध्यात्म सीखने के लिए भारत के ऋषिकेश स्थित महर्षि महेश योगी के आश्रम 84 कुटिया आए थे, जिसकी दुनिया भर में काफी चर्चा हुई थी। यह बैंड 1970 में अलग हो गया, जिसके बाद सभी सदस्यों ने अपने सोलो करियर पर ध्यान दिया।
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर तथा सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।
वहीँ मुख्यमंत्री बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं तथा फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने के संबंध में चर्चा हुई। बता दें अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। प्रदेश की नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण लगातार फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। उत्तराखण्ड में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में प्रदेश की पहचान और मजबूत हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button