
देहरादून। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को विशेष कांवड़ यात्रा निकालने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा हरिद्वार के हर की पौड़ी से शुरू होकर ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर तक पहुंचेगी,
जहां भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के भारत को खेल महाशक्ति बनाने और 2036 ओलंपिक की मेजबानी दिलाने के विजन को जनसंकल्प का रूप देने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की जा रही है। यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगी।
उन्होंने बताया कि यात्रा में 22 किलोमीटर पैदल चलकर भगवान भोलेनाथ से भारत को 2036 ओलंपिक की मेजबानी मिलने और देश को खेलों में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की प्रार्थना की जाएगी।
खेल मंत्री ने कहा कि यात्रा में संत समाज, खिलाड़ी, युवा, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल होंगे। जूना अखाड़ा के संरक्षक महंत हरि गिरि महाराज और अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज भी यात्रा के विभिन्न चरणों में शामिल रहेंगे।
रेखा आर्या ने प्रदेश के युवाओं, खिलाड़ियों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में इस कांवड़ यात्रा में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि देवभूमि से उठने वाला यह संकल्प भारत को खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।



