
देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, देहरादून में निर्वाचन आयोग की एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) प्रक्रिया के संबंध में एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराना तथा प्रत्येक पात्र मतदाता को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हाजी सुलेमान अंसारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग की एसआईआर प्रक्रिया के कारण प्रदेश के लाखों मतदाता प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस पार्टी का संकल्प है कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं कटने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक विभाग प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं के माध्यम से प्रत्येक जरूरतमंद मतदाता तक पहुंचेगा और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करेगा।
प्रशिक्षण सत्र में पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि यदि मतदाता जागरूक रहें और कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी सक्रियता से कार्य करें, तो किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटाया जा सकता। उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया, मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने हेतु फॉर्म-6, नाम और उसके साथ लगने वाला फॉर्म 04 नाम काटने की प्रक्रिया के लिए भरने वाले फार्म 7 की प्रक्रिया हर दिन उसकी सूची देखने और सुनवाई की प्रक्रिया पर भी प्रकाश डाला। साथ ही मतदाता सूची का नियमित सत्यापन करने तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक आवेदन करने की भी जानकारी दी।
हाजी सुलेमान अंसारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया के दूसरे चरण, अर्थात नोटिस जारी होने की स्थिति में मतदाताओं की सहायता के लिए उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा एक केंद्रीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा, जिससे प्रभावित मतदाताओं को समय पर मार्गदर्शन और सहयोग मिल सके।
इस अवसर पर शहजाद अंसारी, अनवर खान, शाहिद खान, जिला अध्यक्ष संजय किशोर, मुर्तजा राव, इलियास अंसारी, पार्षद आशीष वर्मा, सबीना बेगम, कासिम सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



