नई दिल्ली : ‘कुशा’ मिसाइल का पहला सफल परीक्षण। और मजबूत हुआ भारत का एयर डिफेन्स सिस्टम
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी सफल परीक्षण पर डीआरडीओ की टीम को बधाई

नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन को ओडिशा तट से दूर एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से ‘कुशा’ लंबी दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल का पहला सफल उड़ान परीक्षण किया। परीक्षण के दौरान मिसाइल ने उच्च गति और अधिक ऊंचाई पर मौजूद इलेक्ट्रॉनिक लक्ष्य को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।
डीआरडीओ के अनुसार, ‘कुशा’ मिसाइल प्रणाली लड़ाकू विमान, मिसाइल, ड्रोन और बड़े हवाई लक्ष्यों सहित विभिन्न प्रकार के हवाई खतरों को लंबी दूरी और अलग-अलग ऊंचाइयों पर मार गिराने में सक्षम है। इस प्रणाली के मिसाइल, रडार और कमांड एवं कंट्रोल सेंटर समेत सभी प्रमुख हिस्सों का विकास डीआरडीओ और उसके औद्योगिक सहयोगियों ने किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल परीक्षण पर डीआरडीओ की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह भारत की रक्षा तकनीक के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस सफलता से लंबी दूरी की वायु रक्षा प्रणाली के लिए विदेशों पर निर्भरता कम होगी और देश की वायु सुरक्षा और मजबूत बनेगी।
डीआरडीओ के अध्यक्ष एवं रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव राजेश कुमार सिंह ने भी इस सफल परीक्षण पर वैज्ञानिकों और परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों को बधाई दी।



