
देहरादून। 19 जुलाई को वादिनी गीता काला पत्नी अनिल काला निवासी गढवाली कालोनी रायपुर देहरादून ने थाना रायपुर पर एक लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया कि 19 जुलाई की दोपहर उनकी माता भुवनेश्वरी देवी निवासी गढवाली कालोनी गली न0 03 अपने घर में अकेली थी, उसी समय 02 अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर में आकर अपने आप को नगर निगम का कर्मचारी बताते हुए जबरन उनके घर के अन्दर घुसकर उनकी माता के साथ मारपीट कर उनकी माता के कुण्डल, अंगूठी, 03 हजार रूपये नगद व मोबाइल फोन लूट कर ले गये।
थाना रायपुर पर पुलिस टीम का गठन किया।
पुलिस टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर घटना स्थल व उसके आस-पास तथा आने जाने वाले रास्तों पर लगे लगभग 65 सीसीटीवी कैमरों की फुटेजों से संदिग्धों के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारियां एकत्रित की गई, सीसीटीवी फुटेजों के अवलोकन से पुलिस टीम को घटना में शामिल 02 संदिग्धों की फुटेज प्राप्त हुई, प्राप्त फुटेज के आधार पर पुलिस टीम द्वारा सुरागरसी पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही पूर्व में इस प्रकार की घटनाओं में प्रकाश में आये अभियुक्तों के हुलिये से प्राप्त फुटेजों का मिलान कराया गया।
पुलिस टीम को मुखबिर की सूचना पर सीक्यूआई जंगल रायपुर से घटना को अजांम देने वाले दोनों अभियुक्तों सागर सिंह व अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तों के कब्जे से घटना में लूटी गयी शत प्रतिशत सम्पत्ति बरामद किये गये।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वह दोनों प्लम्बर का काम करते हैं तथा नशे के आदी हैं, अभियुक्त सागर पीडित बुजुर्ग महिला के मौहल्ले में ही रहता है तथा उसे जानकारी थी कि बुजुर्ग महिला अपने घर पर अकेली रहती हैं, जिस कारण उसकेे द्वारा अपने नशे तथा अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये अपने साथी अंकित के साथ मिलकर घर में लूट की योजना बनाई। योजना के मुताबिक दोनो अभियुक्त नगर निगम के कर्मचारी बनकर सफाई व्यवस्था चैक करने के बहाने बुजुर्ग महिला के घर में घुसे तथा बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के बाद दोनो अभियुक्त लूट के माल को बेचने की फिराक में थे, पर इससे पूर्व ही पुलिस द्वारा उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।



