
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने को देहरादून में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में प्रदेश में चल रहे संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में तरुण चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को जनभागीदारी के माध्यम से साकार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा संगठन ‘सेवा ही संगठन’ की भावना के साथ लगातार काम कर रहा है और इसे और मजबूत किया जाएगा। चुग ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा किसानों के लिए 36,585 करोड़ रुपये की कर्जमाफी योजना की सराहना करते हुए इसे किसान हित में बड़ा फैसला बताया। वहीं उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से चुनाव के दौरान किसानों से किए गए कर्जमाफी के वादे को पूरा करने की समयसीमा बताने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसानों से किए गए वादों को पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है।



