उत्तराखंडयूथशिक्षासामाजिक

विद्यालय के जर्जर भवन का मार्च में हुआ था ध्वस्तीकरण। भवन निर्माण के शुरू नहीं होने पर नाराज हुए अग्रवाल

ऋषिकेश MLA डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सर्वहारा नगर स्थित प्रावि का किया निरीक्षण

देहरादून। ऋषिकेश विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने सर्वहारा नगर (काले की ढाल) स्थित प्राथमिक विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वहां अध्ययनरत करीब 70 बच्चों की शैक्षणिक परिस्थितियों और समस्याओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान डॉ. अग्रवाल ने पाया कि विद्यालय के जर्जर भवन का मार्च माह में ध्वस्तीकरण किए जाने के बावजूद अभी तक नए भवन का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। इसके चलते करीब 70 बच्चों को विपरीत परिस्थितियों में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए पहले जिलाधिकारी आशीष चौहान फिर RES के अधिशासी अभियंता नितिन पांडे को फोन कर तत्काल विद्यालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने तथा इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
इस दौरान डॉ. अग्रवाल ने विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों से संवाद भी किया और उनकी पढ़ाई सहित अन्य विषयों पर बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया साथ ही स्कूल प्रिंसिपल एसपी बहुगुणा से वार्ता की।
इसके पश्चात डॉ. अग्रवाल ने काले की ढाल गली नंबर 12 के सामने रंभा नदी का भी निरीक्षण किया। यहां सुरक्षा रेलिंग क्षतिग्रस्त होकर नदी में गिरने पर उन्होंने सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट को फोन कर तत्काल रेलिंग दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने रंभा नदी में क्षेत्र की गंदगी और कूड़ा-कचरा जाने से रोकने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही क्षेत्र की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। अधिकारियों को इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता चांदनी एवं शकुंतला जोशी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button