
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचकर जनपद टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुई बस दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 1 लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल सुश्री नितिका खण्डेलवाल एवं संभागीय परिवहन अधिकारी देहरादून को निर्देश दिए कि प्रभावितों को राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायलों के समुचित उपचार एवं प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुःखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।



