
देहरादून। पूर्व मुख्य सचिव की पत्नी ने बहू और उसके मायके वालों पर ब्लैकमेल कर झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने बहू समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के सेवानिवृत्त मुख्य सचिव एस रामास्वामी की पत्नी मीना शर्मा निवासी ओल्ड मसूरी रोड ने शिकायत की। बताया कि उनके बेटे डॉ. आर हर्षवर्धन की शादी के लिए जीवन साथी डॉट कॉम पर फिरोजपुर पंजाब की युवती सबीना का बायोडाटा देखा। युवती के माता-पिता नहीं थे। रेलवे में गार्ड युवती के भाई जानिश कश्यप से बात कर सबीना के बारे में जानकारी की। इसके बाद जानिश कश्यप और उसकी पत्नी नेहा कश्यप उनके घर आए और बातचीत की। 14 दिसंबर 2022 को फिरोजपुर पंजाब में दोनों की सगाई हुई।
चार दिसंबर 2023 को परमार्थ निकेतन ऋषिकेश में बेटे की सबीना से शादी हो गई। आरोप है कि शादी के बाद जानिश कश्यप और उसकी पत्नी नेहा कश्यप बेटे को प्रताड़ित करते हुए प्रॉपर्टी नाम करने का दबाव बनाने लगे। 23 फरवरी को जानिश और नेहा दून के एक होटल में आए। तभी सबीना भी घर के सामान और गहने लेकर होटल में उनके पास गई और वहां से फिरोजपुर चली गई। आरोपियों ने झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए प्रॉपर्टी नाम करने को कहा। राजपुर पुलिस ने मामले में फिरोजपुर पंजाब निवासी जानिश, नेहा और सबीना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।I