
देहरादून। बदरीनाथ धाम में हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम और तेज आवाज में DJ को लेकर चल रहे विवाद के बीच पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के शंख को लेकर दिए बयान पर कांग्रेस ने निशाना साधा है। कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने महाराज के बयान को गलत बताते हुए सवाल उठाए हैं।
धस्माना ने कहा कि शंख किसी जानवर की हड्डी नहीं है। वैज्ञानिक जानकारी के अनुसार शंख समुद्र में रहने वाले घोंघे जैसे जीव का बाहरी खोल होता है, जो मुख्य रूप से कैल्शियम कार्बोनेट से बना होता है।
उन्होंने कहा कि बद्रीनाथ धाम में शंख न बजाने को लेकर धार्मिक मान्यताएं हैं। ऐसे में इसे हड्डी से जोड़ना सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बद्रीनाथ में हुए DJ और तेज आवाज के विवाद से ध्यान हटाने के लिए शंख को लेकर बयान दिया गया है।
दरअसल, बद्रीनाथ में 19 और 20 सितंबर को हुए देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल में तेज संगीत और DJ को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद सतपाल महाराज ने कहा था कि बद्रीनाथ मंदिर के अंदर पूजा के दौरान शंख का इस्तेमाल नहीं किया जाता और इसके पीछे धार्मिक मान्यता बताई थी। उन्होंने यह भी कहा था कि धाम में संगीत पूरी तरह प्रतिबंधित नहीं है और मंदिर के बाहर शंख बजाया जाता है।
महाराज के इस बयान पर चारधाम तीर्थ पुरोहित महापंचायत की ओर से भी आपत्ति जताई गई है। महापंचायत के महासचिव बृजेश सती ने शंख को हड्डी बताए जाने पर सवाल उठाए हैं।
धस्माना ने कहा कि बद्रीनाथ जैसे धार्मिक और संवेदनशील क्षेत्र में होने वाले कार्यक्रमों को लेकर धार्मिक परंपराओं और पर्यावरण का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने सतपाल महाराज से अपने बयान को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।



